विश्व

बांग्लादेश में अवामी लीग की मदद के आरोप में पुलिस अफसर गिरफ्तार, 101 बैंक खाते फ्रीज

ढाका (बांग्लादेश)- 26 नवंबर। अपदस्थ प्रधानमत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के 27 और 28 नवंबर के देशव्यापी बंद के आह्वान से तारिक रहमान सरकार की नींद उड़ी हुई। हसीना के गृह जनपद गोपालगंज की हालिया हिंसा की जांच कर रही खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि अवामी लीग को पुलिस अधिकारियों और व्यापारियों ने उकसाया। इस समय लीग नेताओं को पैसा भी दिया जा रहा है। इस आरोप में पुलिस की विशेष इकाई ‘स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन’ (एसआरबी) के एक कंपनी कमांडर को गिरफ्तार किया गया है।

प्रोथोम अलो, ढाका ट्रिब्यून और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, इसके अलावा नेशनल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (एनबीआर) ने हिंसा को आर्थिक मदद देने और समर्थन करने के आरोपों के चलते 97 व्यक्तियों और चार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं। इनमें एक पूर्व सचिव, प्रतिबंधित अवामी लीग के नेता और जन प्रतिनिधियों के खाते शामिल हैं। कानून प्रवर्तन एजेंसियों और राजस्व खुफिया विभाग की कार्रवाई से इस हिंसा के पीछे की साजिश का एक और चिंताजनक पहलू सामने आया है।

जांचकर्ता दो सवालों के जवाब तलाश रहे हैं कि क्या राजनीतिक कार्यक्रमों की आड़ में की गई तोड़फोड़ के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था और क्या प्रशासन के भीतर ऐसे लोग थे जिनके राजनीतिक और आर्थिक संरक्षण से यह सब हुआ? खुफिया सूत्रों का कहना है कि केवल उन लोगों को गिरफ्तार करने से तोड़फोड़ की घटनाओं को दोबारा होने से नहीं रोका जा सकता, जिन्होंने सीधे तौर पर हमलों को अंजाम दिया। इसलिए, हिंसा के पीछे के संभावित आयोजकों, आर्थिक मदद देने वालों और सहयोगियों की पहचान करने और उन्हें न्याय के दायरे में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक खातों को फ्रीज करना और पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी करना इसी जांच का हिस्सा है।

गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग के हालिया कार्यक्रमों के दौरान हुई व्यापक तोड़फोड़ और हिंसा में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या मुकसूदपुर पुलिस स्टेशन में आगजनी के बाद, तोड़फोड़ में शामिल लोगों का पुलिस या प्रशासन के भीतर किसी व्यक्ति से संपर्क था या उन्हें वहां से कोई मदद मिली । फरीदपुर क्षेत्र में तीन दर्जन से अधिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तोड़फोड़ के मामले में खुफिया निगरानी में रखा गया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या किसी प्रशासनिक अधिकारी ने तोड़फोड़ में मदद करने के लिए अपने पद, ओहदे और प्रभाव का इस्तेमाल किया, या जानबूझकर अपने कर्तव्यों का पालन करने में निष्क्रिय रहे, जिससे हिंसा का मौका बन गया।

हालांकि अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक (अपराध और संचालन) अहसान हबीब पलाश ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि कितने लोग निगरानी में हैं। इस बीच मुक्सूदपुर पुलिस स्टेशन में आगजनी की घटना के बाद चर्चा में आए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मो. अबुल हसन को 23 नवंबर की रात ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच ने मैमनसिंह स्थित एसआरबी-14 कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी की सूचना गुरुवार सुबह एक सूत्र ने दी।

सूत्रों के अनुसार, गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग की गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान हुई तोड़फोड़ में उनकी संलिप्तता के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। कुछ सूत्रों का कहना है कि उन्हें गोपालगंज में हुई तोड़फोड़ में शामिल होने के आरोपों के चलते गिरफ्तार तो किया गया है, लेकिन अदालत में उन्हें बीएनपी के केंद्रीय कार्यालय पर हमले और पार्टी कार्यकर्ता मकबूल हुसैन की हत्या के मामले में गिरफ्तार दिखाया गया है। उन्होंने 24 नवंबर की दोपहर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अभियोजन विभाग के सहायक उप निरीक्षक रोकोनुज्जमान ने इसकी पुष्टि की ।

इस बीच राजधानी ढाका के गुलशन में रोड नंबर 41 पर स्थित घर नंबर 74 से अवामी लीग के 20 नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। गुलशन थाना प्रभारी अबू जायद मोहम्मद नजमुन नूर ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जुबो दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इन्हें दबोचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उस घर में पहुंची और उन्हें थाने ले आई। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या हिरासत में लिए गए इन लोगों के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज है या नहीं। इससे पहले मंगलवार रात को भी अवामी लीग के नेता जावेद दीदार को हिरासत में लिया।

जुबो दल ने 29 और 30 नवंबर को देशभर में रैलियां और जुलूस निकालने का ऐलान किया है। जुबों दल के नेता मिन्हाजुल इस्लाम भुइयां कहना है कि इस दौरान देश को अस्थिर करने की साजिश का विरोध किया जा सके। उधर अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी बंद की घोषणा की है। अवामी लीग की प्रमुख मांग है कि पार्टी पर लगा प्रतिबंध तत्काल हटाया जाए। राजनीतिक बंदियों की रिहाई की जाए। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना व अन्य नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। यह बंद शेख हसीना के 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की घोषणा और देश के मौजूदा राजनीतिक तनाव के बीच आहूत किया गया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!