
पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, एक महीने में सरेंडर का आदेश
नई दिल्ली – 26 नवंबर। सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर को बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने आईएएस अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।
बतादें कि 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में जेल मैनुअल के नियम 481(1)(a) में संशोधन कर ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर लगी रोक हटा दी थी। इसी संशोधन के बाद आनंद मोहन 24 अप्रैल 2023 को रिहा हो गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने इस संशोधन को असंवैधानिक बताया और कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन करता है।
कोर्ट ने कहा कि रिहाई देते समय निचली अदालत के जज की राय पर गलत तरीके से विचार किया गया था।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार को आनंद मोहन की सजा में छूट देने से रोका नहीं गया है, लेकिन इसके लिए उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा। नई प्रक्रिया उनके एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने के बाद ही शुरू हो सकती है। इसमें पीड़ित परिवार को सुनवाई का अवसर देना जरूरी होगा।



