
बिहार के स्कूलों में रात्रि प्रहरी का बल्ले-बल्ले, मानदेय दोगुना, 36 करोड़ रुपये जारी
पटना, 26 नवंबर। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरी के मानदेय भुगतान के लिए 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति एवं विमुक्ति दी है।
शिक्षा विभाग के पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में रात्रि प्रहरी के मानदेय के लिए यह राशि जारी की गई है।
विभागीय स्वीकृत्यादेश के द्वारा कुल 50 करोड़ रुपये व्यय की स्वीकृति दी गई थी। उसी के आलोक में वित्त विभाग के निर्देश पर 36 करोड़ रुपये की विमुक्ति की स्वीकृति दी गई है।
विभागीय पत्र के तहत विद्यालय में अधिष्ठापित सामग्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यकता अनुसार रात्रि प्रहरी को अनुबंध के आधार पर 5,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय पर रखने की व्यवस्था थी। रात्रि प्रहरी का मानदेय 5,000 रुपये प्रतिमाह के स्थान पर 10,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
अब इसी बढ़े हुए मानदेय के अनुसार भुगतान के लिए 36 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।



