
बिहार :- सेंको ज्वेलर्स लूटकांड का उद्भेदन, तीन अभियुक्त गिरफ्तार, 11 की पहचान
बेतिया, 26 नवंबर। बेतिया शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेंको ज्वेलर्स में 18 नवंबर को हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 11 अन्य की पहचान कर ली गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस उप-महानिरीक्षक चंपारण क्षेत्र बेतिया, पुलिस अधीक्षक पश्चिम चंपारण बेतिया एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे। एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम ने साक्ष्य संकलित किए थे।
कांड के त्वरित उद्भेदन, लूटे गए आभूषणों की बरामदगी एवं संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर गहन अनुसंधान कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम सूरज कुमार सहनी महिसौर, वैशाली, रौशन कुमार, हसनपुर महनार, जिला- वैशाली तथा कुंदन कुमार, बिदुपुर, वैशाली बताया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान, तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय आसूचना के आधार पर घटना में संलिप्त 11 अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सूरज कुमार सहनी ने घटना की योजना बनाने और साथियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने, रौशन कुमार ने योजना बनाने और अपराध से अर्जित संपत्ति को खपाने, जबकि कुंदन कुमार ने योजना बनाने और लूटे गए सोना को खपाने की योजना में भूमिका निभाई।
सूरज कुमार सहनी पर बंगड़ा (समस्तीपुर) थाना में सुपारी हत्या सहित दो कांड दर्ज हैं। वहीं कुंदन कुमार पर सहायक खजांची हाट (पूर्णिया) थाना में तनिष्क ज्वेलरी लूट सहित दो कांड दर्ज हैं।



