
मधुबनी:- NH-227 पर दर्दनाक हादसा, मवेशी से टकराई बाइक, एक की मौत, एक गंभीर
मधुबनी – 26 नवंबर। एनएच-227 पर बिशौल के पास बुधवार करीब साढ़े तीन बजे सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान आशीष चौधरी (25), पिता सरोज चौधरी के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान सोहपुर निवासी लाल बाबू मंडल, पिता देवन मंडल के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक पर बिशौल से हरलाखी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक मवेशी आ गया। बाइक की मवेशी से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही हरलाखी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मधुबनी रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम और गांव में शोक का माहौल है।



