
बिहार में पंचायत कर्मियों की अब मोबाइल ऐप से लगेगी हाजिरी, सरकार ने शुरू की PRAGYA व्यवस्था
पटना- 26 नवंबर। बिहार में पंचायत स्तर के कर्मियों की उपस्थिति अब मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज होगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने Panchayat Real-time Attendance & Geo-Tagging for Yojana Accountability (PRAGYA) व्यवस्था के सफल कार्यान्वयन का निर्देश दिया है।
इस संबंध में पंचायती राज विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने सभी जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि PRAGYA एप्लिकेशन को Rams Creative Technologies Private Limited की सहायता से विकसित किया जा रहा है।
इस ऐप के माध्यम से पंचायत स्तर के कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए पंचायत कर्मी यथा- पंचायत सचिव, ऑडिटर, तकनीकी सहायक, लेखापाल-सह-आईटी सहायक, कार्यपालक सहायक/डाटा इन्ट्री ऑपरेटर, ग्राम कचहरी सचिव एवं ग्राम कचहरी न्यायमित्र का नाम, संपर्क संख्या, आधार संख्या की सूचना हेतु एक Google Drive Sheet तैयार किया गया है।
विभाग ने निर्देश दिया है कि जिला स्तर से उक्त कर्मियों के अद्यतन की प्रविष्टि उक्त Google Drive Sheet में करने हेतु संबंधित को निर्देश दिया जाए, ताकि उक्त सूचना को यथाशीघ्र संबंधित एजेंसी को उपलब्ध कराया जा सके।



