
PATNA:- कदमकुआं के ओम विहार रेस्टोरेंट का किचन 3 दिनों के लिए सील, FSSAI लाइसेंस निलंबित
पटना – 26 नवंबर। पटना के कदमकुआं स्थित ओम विहार रेस्टोरेंट में खाद्य संरक्षा विभाग ने बुधवार, 25 नवंबर को बड़ी कार्रवाई की। निम्न स्तर का खाना परोसने की शिकायत पर हुई छापेमारी में किचन में कई गंभीर गड़बड़ियां मिलीं, जिसके बाद किचन को 3 दिनों के लिए सील कर दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान का FSSAI लाइसेंस निलंबित कर सुधार नोटिस भी जारी किया गया है।
खाद्य संरक्षा निरीक्षक मुकेश कुमार कश्यप ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट में निम्न स्तर का खाना परोसा जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर टीम जांच के लिए पहुंची थी।
किचन में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। एक्सपायर चायपत्ती, नूडल्स और ब्रेड मिले।
कर्मचारियों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी।
कीट नियंत्रण की समुचित व्यवस्था नहीं मिली। 2,850 रुपये मूल्य की 30 किलोग्राम चना दाल जब्त की गई। दाल के पैकेट पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि का विवरण अंकित नहीं था।
टीम ने हल्दी पाउडर, पनीर और चना दाल के नमूने जांच के लिए लिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कई खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया, जिनमें शामिल हैं। गुड़ वाली चाय के 7 पैकेट (कुल 3.5 किलोग्राम), 1 किलोग्राम मटन की कलेजी, स्लाइस ब्रेड का 1 पैकेट, 2 किलोग्राम तैयार मिक्स वेज, 3 किलोग्राम पकी हुई मूंग दाल, 2 किलोग्राम क्लासिक चाउ।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने एक पत्रकार का मोबाइल फोन छीन लिया। छापेमारी खत्म होने के बाद फोन वापस किया गया।



