
BIHAR:- मदरसा शिक्षकों के वेतन के लिए 250 करोड़ जारी, 1942 मदरसों के शिक्षक-कर्मियों को मिलेगा लाभ
पटना, 10 नवंबर। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के अराजकीय प्रस्वीकृत अनुदानित मदरसों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के वेतनादि भुगतान हेतु 2,50,00,00,000 /- (दो अरब पचास करोड़ रुपये) की स्वीकृति एवं तत्काल विमुक्ति प्रदान कर दी है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह राशि राज्य के अराजकीय प्रस्वीकृत अनुदानित 1128 मदरसा तथा 2459+1 कोटि के मदरसा अन्तर्गत अनुदानित 205 मदरसा एवं 609 मदरसा अर्थात् कुल 814 मदरसों में विधिवत् रूप से नियुक्त एवं कार्यरत शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों के वेतनादि भुगतान के लिए स्वीकृत की गई है। इस तरह कुल 1942 मदरसों के कर्मियों को इस आवंटन से लाभ मिलेगा।
पत्र में बताया गया है कि बजट में कुल 805.79 करोड़ का प्रावधान है, जिसमें से फिलहाल 250 करोड़ रुपये की राशि संलग्न जिलावार विवरणी के अनुसार जिलों को दी जायेगी।
जिलावार आवंटन में सबसे अधिक राशि किशनगंज को 38,85,00,000 रुपये, कटिहार को 32,80,00,000 रुपये और मधुबनी को 30,00,00,000 रुपये दी गई है। वहीं दरभंगा को 22,36,00,000 रुपये, पूर्णिया को 21,57,00,000 रुपये और अररिया को 16,00,00,000 रुपये आवंटित किए गए हैं।
विमुक्त राशि की निकासी संबंधित जिलों के कोषागार से करते हुए CFMS के माध्यम से विहित प्रक्रिया के द्वारा संबंधित जिला को दिया जायेगा। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा विहित प्रक्रिया अनुसार CFMS के माध्यम से राशि की निकासी एवं भुगतान वित्त विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार किया जायेगा। राशि का विचलन किसी अन्य मद में नहीं किया जायेगा।
पत्र में सख्त निर्देश दिया गया है कि जिलों द्वारा 18 माह पूर्व सभी स्वीकृत एवं आवंटित राशि के विरुद्ध उपयोगिता प्रमाण पत्र विहित प्रपत्र में ससमय प्रेषित करना सुनिश्चित किया जायेगा और संबंधित मदरसा से अंकेक्षित लेखा विवरणी प्राप्त कर यथा ससमय महालेखाकार कार्यालय को भेजा जायेगा।



