
MADHUBANI:- 42 लाख का गाँजा जब्त, एक नेपाली नागरिक गिरफ्तार, चार फरार
मधुबनी- 09 नवंबर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लौकहा पुलिस और एसएसबी ने सोमवार को करीब 42 लाख रुपये मूल्य का 82.780 किलोग्राम गांजा बरामद किया साथ ही एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार भी किया। जबकि अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल हो गया।
फुलपरास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने लौकहा थाना पर आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गांजे की खेप नदी के रास्ते गंतव्य स्थान तक पहुंचाने की तैयारी है। सूचना के सत्यापन के बाद लौकहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित हुई। जिसमें लौकहा एसएसबी के सहायक कमांडेंट गुरदीप सिंह के सहयोग से भारत-नेपाल सीमा पर स्तंभ संख्या-245/2 के समीप भूतही बलान नदी पूल के पास नाकेबंदी की गई। पुलिस और एसएसबी के जवान, तस्करों के आने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान पीठ पर गांजे की बोरियां लादे कुछ धंधेबाज भारतीय सीमा की ओर आते दिखाई दिए। सुरक्षाबलों को देखते ही तस्करों में अफरातफरी मच गई और सभी नेपाल की ओर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक तस्कर को दबोच लिया, जबकि अन्य चार भागने में सफल रहे। तलाशी के दौरान कुल 82 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 42 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के मलहनिया थाना क्षेत्र के मलहनिया निवासी अरविंद यादव के रूप में हुई है। संयुक्त छापेमारी दल में एसआइ कुंदन कुमार, एसआइ विकेश कुमार सहित पुलिसकर्मी तथा लौकहा एसएसबी के सहायक कमांडेंट गुरदीप सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के दौरान एन अन्य व्यक्ति के शामिल होने की बात कही। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। साथ ही फरार तस्करों की पहचान, गांजा तस्करी के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।



