
MADHUBANI:- बिस्फी में युवक की हत्या से सनसनी, बोरा में बंद शव झाड़ी में फेंका, सिमरी चौक पर शव रखकर प्रदर्शन
मधुबनी, 09 नवंबर। बिस्फी प्रखंड के सिमरी गांव के युवक विकास यादव की हत्या का मामला सामने आया है। विकास यादव का शव जफरा में बोरा में बंद करके झाड़ी में फेंक दिया गया था। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो आक्रोशित लोगों ने शव को सिमरी चौक पर सड़क पर रखकर आरोपित की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
घटना की सूचना पर बेनीपट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
परिजनों के अनुसार हत्या का आरोप जफरा निवासी मनीष कुमार चौपाल पर लग रहा है। सूचना पर डीएसपी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मनीष कुमार चौपाल के घर पहुंचे, जहां मनीष कुमार चौपाल समेत पूरा परिवार फरार मिला। पुलिस को घर से हत्या में उपयोग की गई कई सामग्री भी हाथ लगी है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
मौके पर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक का शव झाड़ी में पड़ा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया और मामले की जांच शुरू की।
उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले के लिए SIT का गठन किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।



