
MADHUBANI:- आधी सदी की आस्था, बसुआरा में लक्ष्मी पूजा का स्वर्ण जयंती वर्ष, मां के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मधुबनी- 09 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के बसुआरा में दीपावली के अवसर पर मां लक्ष्मी के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। बसुआरा सहित आसपास का इलाका भक्ति, रोशनी और उत्साह से सराबोर है। लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में रविवार, 8 नवंबर से चार दिवसीय पूजनोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया, जो 11 नवंबर तक चलेगा।
समिति के अध्यक्ष कौशल किशोर मंडल ने बताया कि तब से लेकर आज तक लगातार यहां पूजा का आयोजन होता आ रहा है। पांच दशक की इस अटूट परंपरा ने ही बसुआरा की लक्ष्मी पूजा को इतना भव्य और प्रसिद्ध बनाया है। इस वर्ष 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजन को पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक बनाया गया है। मंदिर प्रांगण को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक पंडाल से सजाया गया है।
प्रतिदिन सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो जाता है। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग सभी मां के दरबार में पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन संध्या में महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर मां लक्ष्मी की आरती गा रहे हैं। आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होती है, जिसमें स्थानीय कलाकार भजन, कीर्तन और मिथिला के लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दे रहे हैं।
पूजा के सफल संचालन में अध्यक्ष कौशल किशोर मंडल, उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, महासचिव भागीरथ पासवान, सचिव तरुण राठौड़, कोषाध्यक्ष पीयूष कुमार, उप कोषाध्यक्ष जीतू कुमार, सोनू कुमार, आनंद मंडल, सुरेन्द्र मंडल सहित समिति के सभी सदस्य और स्थानीय लोग दिन-रात जुटे हुए हैं।



