
MADHUBANI:- शहर में पार्किंग के लिए जमीन चिह्नित करने में शिथिलता, निगम प्रशासन संवेदनहीन: महेश चन्द्र झा
मधुबनी- 11 अक्टूबर। कांग्रेस पार्टी के वरीय नेता महेश चन्द्र झा ने कहा कि शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पार्किंग के लिए जमीन चिह्नित नहीं किया जाना नगर निगम प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। शहर को जाम से छुटकारा दिलाने में प्रशासन पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और यातायात के बढ़ते दबाव के कारण जाम की समस्या विकराल हो चुकी है। शहर की सड़कों पर लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं, लेकिन अब तक वाहन पार्किंग स्थल का चयन तक नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था सिर्फ खानापूर्ति के लिए हो रही है। शहर में वनवे ट्रैफिक का सिर्फ ढिंढोरा पीटा जा रहा है, धरातल पर कोई असर नहीं है।
उन्होंने मांग की कि शहर के बाहर बाईपास सड़क निर्माण में तेजी लाई जाए, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के लिए नो एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए और ग्रेटर मधुबनी की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल शुरू की जाए। शहर के प्रमुख चौराहों पर अब तक ट्रैफिक पोस्ट का निर्माण नहीं हो सका है, जो चिंता का विषय है।



