
जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले नोएडा में हाई अलर्ट, दिल्ली बॉर्डर पर किलाबंदी; 45 मेट्रो स्टेशन बंद
नोएडा- 10 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण गौतमबुद्ध नगर पुलिस सुबह से अलर्ट मोड पर है। दिल्ली जाने वाले सभी रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
नोएडा से दिल्ली जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर किलाबंदी की गई है। पुलिस एक-एक वाहन को चेक कर रही है। ज्यादातर वाहनों को बॉर्डर से ही लौटा दिया जा रहा है। प्रदर्शन के चलते दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस प्रदर्शन का असर एनसीआर की औद्योगिक, वाणिज्यिक, आईटी सेक्टर और कारोबारी इकाइयों पर भी पड़ रहा है।
रोजाना बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से नोएडा और नोएडा से दिल्ली काम के लिए आते-जाते हैं। दिल्ली की फैक्ट्रियों, दुकानों, व्यापारिक संस्थानों और विभिन्न मंत्रालयों में काम करने वाले कई लोग नोएडा में रहते हैं, उनका आना-जाना लगभग बंद है। नोएडा पुलिस दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर विभिन्न बॉर्डरों पर सघन जांच अभियान चला रही है।
पुलिस ने त्योहारों और परीक्षा के मद्देनजर जिले में 10 से 20 अक्टूबर तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू कर दी है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सुरक्षा के लिए बाहर से दो कंपनी पीएसी बुलाई गई है, एक कंपनी जिले की है। कुल तीन कंपनियां जिले में तैनात हैं।
दिल्ली-नोएडा के सभी बॉर्डर पर देर रात से ही सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों से भरी बसों के पहुंचने की स्थिति में अतिरिक्त तैयारी की गई है। आज केवल आपातकालीन सेवा और जरूरी काम से दिल्ली जाने वालों को ही आगे जाने दिया जा रहा है, जिसके लिए ठोस कारण बताना पड़ रहा है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार से आज सुबह तक विभिन्न संगठनों और दलों के करीब दो हजार लोगों को नजरबंद किया गया है।
वहीं दादरी रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता बरती जा रही है। सुबह से आरक्षण काउंटर पर तकनीकी खामी की सूचना चस्पा कर बंद कर दिए गए हैं। प्रयागराज से आने वाली सुबह की एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। हालांकि इस पर रेलवे का कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
मेट्रो को लेकर नोएडा में ब्लू और मजेंटा लाइन के 13 तथा एक्वा लाइन के 21 स्टेशनों पर सेवा सामान्य है। नोएडा के किसी स्टेशन को बंद नहीं किया गया है, लेकिन बॉर्डर से सटे न्यू अशोक नगर और कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन बंद रखे जाएंगे।
सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर नोएडा पुलिस ने सोशल मीडिया निगरानी के लिए दो टीमें बनाई हैं, जो भ्रामक, भड़काऊ पोस्ट और अफवाहों पर नजर रख रही हैं।



