मोदी-शाह की सरकार ने इमरजेंसी को भी पीछे छोड़ दिया: हनुमान राउत
मधुबनी- 10 अक्टूबर। राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य जेपी सेनानी हनुमान प्रसाद राउत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि डरी-सहमी मोदी-शाह की सरकार ने आज इमरजेंसी को भी पीछे छोड़ दिया है। एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरे दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया। लोगों को दिल्ली आने से रोकने के लिए सैकड़ों ट्रेनें रद्द कर तानाशाही का परिचय दिया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा और उसकी सरकार कभी लोकतंत्र की पक्षधर नहीं रही। आजादी की लड़ाई में इनके पूर्वज अंग्रेजों की दलाली कर रहे थे, वहीं आपातकाल में माफी मांगकर जेल से छूटते थे। ये लोग माफीवीर हैं, दलाली इनका इतिहास रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता बचाने के लिए लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। इस घटना के बाद यह आंदोलन जन-आंदोलन का रूप लेगा और बौराई सत्ता को उखाड़ फेंकेगा।



