
MADHUBANI:- बारिश में भी नहीं डिगा हौसला, घोघरडीहा में विकास की मांग को लेकर दिखा एकजुटता, स्टेशन अधीक्षक ने दिया भरोसा
मधुबनी- 27 सितंबर। घोघरडीहा रेलवे स्टेशन के विकास के लिए मिथलांचल की एकजुटता देखने को मिली। मिथलांचल संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों और युवाओं ने भारी बारिश के बीच भी शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे से शुरू हुआ यह धरना देर शाम स्टेशन अधीक्षक को 7 सूत्री मांग पत्र सौंपने के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
समिति अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने कहा कि घोघरडीहा समस्तीपुर मंडल के सर्वाधिक राजस्व देने वाले स्टेशनों में से एक है। यहां लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव होने से हजारों यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र का विकास तेज होगा। उन्होंने बारिश में भी डटे रहने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहा कि खराब मौसम भी लोगों के विकास के जज्बे को नहीं रोक पाया। यह लड़ाई किसी के विरोध में नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के हक और सम्मान के लिए है।
मौके पर समिति सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक शंकर झा, सूशील कुमार कामत सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। स्टेशन अधीक्षक ने मांग पत्र लेकर वरीय अधिकारियों तक बात पहुंचाने और सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है, जिसके बाद लोगों में उम्मीद है कि जल्द ही मांगें पूरी होंगी।



