
मधुबनी : DM जान-बूझकर करते अपमान, सांसद RP मंडल का बड़ा आरोप, DISHA बैठक के बहिष्कार का ऐलान, केंद्र से कार्रवाई की मांग
मधुबनी 18 अगस्त। जिले में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव चरम पर पहुंच गया है। इंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल ने जिलाधिकारी आनंद शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जनप्रतिनिधियों ने DM के रहते जिला स्तरीय बैठकों के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। सांसद ने 17 अगस्त को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री को पत्र लिखकर पूरा मामला बताया।
क्या है पूरा मामला—
जिलाधिकारी द्वारा पत्रांक-1395, दिनांक 03/07/2026 के माध्यम से 17 अगस्त को DISHA यानी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक निर्धारित की गई थी। लेकिन आरोप है कि बैठक में जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण कार्य विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, NHAI के कार्यपालक अभियंता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घंटों इंतजार कराने के बाद भी नहीं आए।
सांसद के 4 बड़े आरोप—
1. सांसद ने लिखा है की ऐसा प्रतीत होता है कि जिलाधिकारी, द्वारा जानबूझ कर जनप्रतिनिधियों को अपमानित करने के नियत से ऐसा कर रहे हैं।
2. जिला पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों का फोन रिसीव नहीं करते हैं।
3. मिलने वाले जनप्रतिनिधियों का मोबाइल बंद करवा दिया जाता है।
4. सभी विभागों की निजी तौर पर समीक्षा कर ली जाती है, लेकिन समिति के सदस्यों के साथ बैठक में समीक्षा नहीं की जाती।
बहिष्कार का ऐलान—
पत्र में सांसद ने लिखा कि DISHA समिति के उपाध्यक्ष सांसद अशोक कुमार यादव सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि जब तक आनंद शर्मा मधुबनी जिला के जिलाधिकारी के तौर पर जिला में कार्यरत रहेंगे, तब तक जिला स्तरीय किसी भी बैठक में भाग नहीं लिया जाएगा। सांसद ने पत्र में अनुरोध किया है कि उपरोक्त प्रसंग की जांच कराते हुए सभी दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। इस पत्र पर सांसद के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों के भी हस्ताक्षर हैं।



