
BIHAR:- मधुबनी में मिलावटी मिठाईयों का बेखौफ कारोबार, सेहत के लिए खतरनाक, कारोबारी और हाकिम मालामाल
मधुबनी 18 अगस्त। मधुबनी शहर ही नहीं पूरे जिले में मिलावटी मिठाई की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। ऐसी मिठाइयां स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो रही हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं और बिना किसी डर के मिलावटी मिठाई बेच रहे हैं।
शहर के गंगासागर चौक स्थित एक रेडिमेड मिठाई दुकान से सबसे ज्यादा डोडा बर्फी, काजू कतली, सोनपापड़ी, बेसन लड्डू, बेसन बुंदिया, पेड़ा, गुलाब जामुन, रसगुल्ला व अन्य किस्म की मिठाइयों की बिक्री की जाती है। इस दुकानदार द्वारा मुजफ्फरपुर और पटना सहित अन्य जगहों से मंगाई गई तैयार मिलावटी मिठाई की धड़ल्ले से बिक्री करते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग साल में सिर्फ एक बार दीपावली के समय शहर के चुनिंदा दुकानों पर छापेमारी का दिखावा करता है। अधिकारी कुछ दुकानों से मिठाई का सैंपल लेते हैं और उसे जांच के लिए लैब भेजने की बात कहते हैं। लेकिन इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। फिर मामला रफा-दफा हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिले में अभियान चलाकर सभी मिठाई दुकानों की जांच की जाए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
शहर के प्रसिद्ध दंत रोग विशेषज्ञ डा. उमेश श्रीवास्तव का कहना है कि मिलावटी मिठाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और घटिया मावा से फूड पॉइजनिंग, पेट की बीमारी और किडनी तक की समस्या हो सकती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह अधिक खतरनाक है।



