
MADHUBANI: जयनगर में SSB की बड़ी कार्रवाई: ड्रोन से रखी नजर, नदी के रास्ते आ रही 2025 लीटर नेपाली शराब बरामद, तस्कर नेपाल भागे
मधुबनी- 21 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी का बड़ा खेल नाकाम हो गया। 48वीं वाहिनी SSB जयनगर ने ड्रोन की मदद से कार्रवाई करते हुए 2,025 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद की है।
सीमा स्तंभ संख्या 270/6 से 700 मीटर भारत की ओर, कमला ब्रिज के पास ड्रोन से निगरानी शुरू की। निगरानी में देखा गया कि नेपाल की ओर से कुछ संदिग्ध व्यक्ति पानी के बहाव का सहारा लेकर रस्सियों से बंधी बोरियों को नदी के रास्ते भारत की ओर खींच रहे थे।
जवानों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो तस्कर बोरियां नदी में ही छोड़कर तेज बहाव और नदी की चौड़ाई का फायदा उठाकर तैरते हुए नेपाल की ओर भाग गए। बाद में नाका पार्टी ने कमला बैराज पर तैनात कर्मियों और स्थानीय मछुआरों की मदद से नदी से 45 बोरियां बाहर निकाली। 48वीं वाहिनी के कमांडेंट ने कहा कि सीमा पर तस्करी रोकने के लिए ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक और जवानों की सतर्कता से लगातार कार्रवाई जारी है।



