
मधुबनी कोर्ट परिसर से बाईक चोरी करते चोर रंगे हाथ धराया
मधुबनी, 16 मई। शनिवार दोपहर मधुबनी सिविल कोर्ट परिसर में बाइक चोरी करते हुए बाईक चोर को बाइक मालिक ने रंगे हाथ पकड़ लिया। जिसके बाद कोर्ट में मौजूद लोगों ने चोर की जमकर धुनाई कर दी। वहीं सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस को मौके पर पहुंचकर चोर को अपने हिरसत में ले लिया। कोर्ट परिसर में बाईक चोर को देखने के लिए कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार मधुबनी सिविल कोर्ट परिसर में चाय दुकानदार दीपक कुमार राय अपनी स्प्लेंडर बाईक कोर्ट परिसर में खड़ी कर अपने कार्य में व्यस्त था। इसी दौरान एक युवक उनकी बाइक का ताला तोड़कर उसे लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, तभी दीपक की नजर अपनी बाईक की ओर पड़ी। उन्होंने देखा कि एक अज्ञात युवक उनकी बाइक में मास्टर चाबी डालकर तोड़ रहा है, इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास मौजूद आम लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चोर को पकड़ लिया। जबकि उक्त चोर भीड़ का शिकार बनते-बनते बच निकला। मौजूद लोगों के चंगुल से छुड़ाकर नगर थाना पुलिस अपने कब्जे में थाना ले आयी, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी की पहचान खजौली थाना क्षेत्र के कसमा मरार गांव निवासी सुमित चौधरी के तौर पर हुई। उन्होंने आशंका जताई कि पूछताछ के दौरान मधुबनी शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित बाइक चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मालूम ही कि शहर के कोर्ट परिसर,गंगासागर,सुरी स्कूल,आरके कॉलेज,बैंक इत्यादि जगहों से रोजाना बाइक चोरों द्वारा गायब कर दिया जाता है। जिसके बाद लोग शहर में आने से डरते हैं। चोरों के प्रति आमजन में भारी आक्रोश भी है।



