
CM सम्राट ने DM-SP के साथ की विधि-व्यवस्था की समीक्षा, कहा – अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
पटना – 28 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के प्रथम दिन विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक कार्यों एवं विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध, भ्रष्टाचार एवं कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो।
उन्होंने गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय दिलाने, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, भूमि विवादों का त्वरित समाधान करने, पुलिस गश्ती की प्रभावी निगरानी एवं फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्मेलन में गृह, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा, उच्च शिक्षा, सूचना एवं जनसम्पर्क, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान, अधिकारियों की जवाबदेही और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।



