
मधुबनी में SP के फर्जी हस्ताक्षर का मामला, पूर्व पेंशन प्रभारी SI उग्रसेन पासवान पर FIR
मधुबनी- 25 सितंबर। मधुबनी पुलिस महकमे में पेंशन से जुड़े फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। तत्कालीन पेंशन शाखा प्रभारी एसआई उग्रसेन पासवान पर एसपी के फर्जी हस्ताक्षर कर महालेखाकार (AG), बिहार, पटना को पत्र भेजने का आरोप लगा है। महालेखाकार कार्यालय की आपत्ति के बाद एसएसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर जांच हुई। अब नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला—
यह मामला स्व. पुलिसकर्मी महावीर झा की पत्नी कमलमुखी देवी के पारिवारिक पेंशन पुनरीक्षण से जुड़ा है। महालेखाकार कार्यालय, पटना की ओर से 23 फरवरी 2026 को मधुबनी एसपी को पत्र भेजा गया था। पत्र में कहा गया था कि मधुबनी से भेजे गए पेंशन संबंधी पत्रों पर वरीय अधिकारियों के हस्ताक्षर में काफी अंतर है, जो संदेहास्पद है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) रश्मि को जांच सौंपी। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तत्कालीन पेंशन प्रभारी ने वरीय अधिकारी की अनुमति लिए बिना ही खुद ही एसपी का फर्जी हस्ताक्षर कर कई पत्र AG कार्यालय को भेज दिए थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि सिर्फ एक ही नहीं, ऐसे कई पत्र फर्जी हस्ताक्षर से भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर नगर थाने में एसआई उग्रसेन पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस फर्जीवाड़े से पेंशन प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, जिसकी गहन जांच जारी है।



