
दरभंगा:- हायाघाट एवं सदर प्रखंड क्षेत्र के पंचायतों में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान शुरू
दरभंगा- 3 नवम्बर। जिले के हायाघाट एवं सदर प्रखण्ड क्षेत्र में बुधवार की सुबह तय समय सात बजे से षष्टम चरण का मतदान शांतिपूर्ण शुरू हो गया। मतदान पूर्वाह्न 07ः00 बजे से अपराह्न 05ः00 बजे तक होगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी पंचायत-सह जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने कल मंगलवार को संयुक्त आदेश निर्गत करते हुए कहा था कि पंचायत आम निर्वाचन 2021 के अन्तर्गत षष्टम चरण में 03 नवम्बर 2021 को दरभंगा सदर एवं हायाघाट प्रखण्ड में होने वाले मतदान को निष्पक्ष,भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा है कि निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने हेतु यह आवश्यक है कि चुनाव में लगे सभी कर्मी निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वह्न करें। साथ ही लोगों के मन में अपने कर्तव्य एवं व्यवहार से विश्वास पैदा करें कि चुनाव निष्पक्ष एवं बिना किसी वाह्य दबाव अथवा राजैनिक प्रभाव में उनके द्वारा सम्पन्न किया जा रहा है। साथ ही कोविड-19 से सुरक्षा व बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग/गृह विभाग,बिहार, पटना द्वारा निर्गत गाइडलाइन का अक्षरश: पालन करना करें। मालूम हो कि सदर प्रखण्ड अन्तर्गत 212 भवनों में कुल- 348 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जिनमें 338 मूल मतदान केन्द्र एवं 10 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। वहीं हायाघाट प्रखण्ड अन्तर्गत 103 भवनों में कुल-167 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। जिनमें 166 मूल मतदान केन्द्र एवं 01 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं।
जिला प्रशासन स्वच्छ,निष्पक्ष,भयमुक्त एवं शान्तिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सदर अनुमण्डल में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लगायी गयी है। विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए इस सदर प्रखड को 23 सेक्टर,06 जोन एवं 01 सुपर जोन में बाँटा गया है। इसके अतिरिक्त कुल- 174 पी.सी.सी.पी. बनाया गया है। जिसमें पुलिस पदाधिकारी/दण्डाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं संपूर्ण हायाघाट प्रखण्ड में 13 सेक्टर, 03 जोन तथा 01 सुपर जोन में बाँटा गया है। इसके अतिरिक्त कुल- 84 पी.सी.सी.पी. में पुलिस पदाधिकारी/दण्डाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।मतदान के लिए प्रत्येक मतदान में एक पीठासीन अधिकारी एवं पाँच मतदान अधिकारी रखे गए हैं। तथा कुल-515 मतदान दलों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त सुरक्षित पीठासीन एवं मतदान अधिकारी रखे गए हैं।



