मधुबनी- 29 सितंबर। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली भुतही बलान नदी में शनिवार की देर रात भीषण बाढ़ आई थी, बाढ़ का पानी रविवार की सुबह तक अपने गंतव्य को चला भी गया,लेकिन अपने पीछे छोड़ गया हजारों एकड़ जमीन में लगी धान की फसल के तबाही का मंजर। बता दें कि भुतही बलान नदी के दोनो तटबंधों के बीच हजारों एकड़ जमीन में लगी धान का फसल बर्वाद हो गया। जिससे किसानों में घोर मायूसी और निराशा है। दोनो तटबंधों के बीच बथनाहा,बेलहा, ब्रह्मपुरा,कालीपुर, परसा,धनखोइर, बसुआरी, बगरहा,पिपरा कमल,अलोला, भेलवा,करिहर,हटनी, सहोरबा,धावघाट सहित दर्जनों गांव के किसानों का हजारों एकड़ में लगी धान का फसल बर्बाद हो गया है। बाढ़ के पानी के साथ आई गाद और मिट्टी ने खेतों में दो से तीन फीट का भरना कर दिया है। कई किसानों ने बताया कि पहले समय पर बारिश नही होने से सुखाड़ की नौबत आ गई थी, जिससे निपटने के लिए किसानों ने डीजल पम्पसेट सहित जंहा जो सिचाई के साधन उपलब्ध थे उससे अपने फसल को बचाया और अब पिछले चार दिनों से हुई बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ ने सबकुछ बर्वाद कर दिया। जिससे किसानों की रही सही उम्मीदे भी टूट गई है। पंसस सुशील कामत जिला प्रशासन से पीड़ित किसानों को फसलक्षति का मुआवजा देने की मांग की है।
