
मधुबनी में SSP ने ली मासिक क्राइम मीटिंग, अपराध नियंत्रण पर दिया जीरो टॉलरेंस का मंत्र और बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
मधुबनी- 12 सितंबर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। मीटिंग के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन,वारंटों के निष्पादन, शराबबंदी अभियान, साइबर क्राइम और विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित केसों को समय पर निष्पादित करें, फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करें, रात्रि गश्ती तेज करें और आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। SSP ने सभी को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।



