
MADHUBANI:- जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2026: स्नेहा वत्स ने मारी बाजी, प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया
मधुबनी- 11 सितंबर। ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047: संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2026 में मनमोहन प्लस टू हाई स्कूल, रामपट्टी की छात्रा स्नेहा वत्स ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। इस शानदार सफलता के साथ ही अब वह प्रमंडल स्तरीय संगोष्ठी में मधुबनी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मधुबनी शहर के वाटसन प्लस टू उच्च विद्यालय के सभागार में आयोजित इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) रशीद नवाज तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) आनंद वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से आए प्रतिभावान छात्रों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में किया गया।प्रतिभागियों ने अपने विज्ञान शिक्षकों के मार्गदर्शन में 2047 के भारत में ऊर्जा की संभावनाओं और चुनौतियों पर आकर्षक पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) प्रस्तुत किया। विषय से संबंधित 20 वस्तुनिष्ठ एवं विश्लेषणात्मक प्रश्नों की एक लिखित परीक्षा आयोजित की गई। दोनों चरणों के अंकों के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किया गया। शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रा मनमोहन प्लस टू हाई स्कूल रामपट्टी के स्नेहा वत्स के अलावा एमआरजी प्लस टू हाई स्कूल अंधराठाढ़ी के अरुण साह द्वितीय स्थान तथा मध्य विद्यालय मलमल के मानसी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में प्रधानाध्यापक उमेश कुमार, विज्ञान शिक्षक पवन कुमार सिंह, अमरेश कुमार, मुकेश कुमार झा, वरुण कुमार झा, साकेत कश्यप एवं कार्यालय लिपिक महेश कुमार दास ने शामिल रहे।



