
बिहार
MADHUBANI:- बिशे-लड्डूगामा के तालाब में डूबने से मजदूर की मौत, स्नान करने के दौरान गढ्ढे में जाने से हुआ हादसा
मधुबनी- 17 जुलाई। बेनीपट्टी अंचल के शाहपुर पंचायत के विशे लड्डूगामा प्राथमिक स्कूल के समीप तालाब में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान विशनपुर के भगवतीपुर गांव के सुरेंद्र राम के पुत्र मिथुन कुमार राम (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक गांव के ही राजमिस्त्री के साथ विशे लड्डूगामा गांव में मजदूरी करने के लिए आया था। दोपहर में भोजन कर स्नान करने के लिए तालाब में उतर गया। तालाब के गहरे भाग में चले जाने के कारण मजदूर डूब गया। कुछ ही देर बाद जब मिथुन की खोजबीन हुई तो लोग तालाब की ओर गए। जहां किनारे पर कपड़ा देख तालाब में खोजबीन शुरू हुई। तालाब के एक साइड में डूबे युवक को बाहर निकाला गया, हालांकि, तबतक युवक की मौत हो चुकी थी।
युवक की डूबने से मौत की खबर सुनते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। जनप्रतिनिधियों ने इसकी सूचना डायल- 112 की पुलिस टीम को दी। जिसके बाद इसकी सूचना बेनीपट्टी थाना को दी गई। उधर, युवक की मौत पर परिजनों का जहां रो – रोकर बुरा हाल बना हुआ है। वही, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



