
दिल्ली में विपक्षी दलों को एकजुट करने के मुद्दों पर लालू प्रसाद से हुई मेरी बात: CM नीतीश
पटना- 05 सितंबर। दिल्ली रवाना होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजद सुप्रीमो लालू यादव से मुलाकात हुई है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान विपक्षी एकजुटता के फॉर्मूले पर नीतीश ने लालू यादव से गुरुमंत्र लिया है।
लालू यादव से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार राबड़ी आवास के बाहर आए तो मीडिया ने उनसे सवाल किए। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि आज दिल्ली जाने का कार्यक्रम है और दिल्ली में एक के बाद एक विपक्ष के नेताओं से वह मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि दिल्ली जाने से पहले वे लालू यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे। अभी दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली में विपक्षी दलों को एकजुट करना है। इन्ही सब मुद्दों को लेकर लालू प्रसाद से बातचीत हुई है। दिल्ली जाने से कुछ घंटे पूर्व लालू यादव से उनकी मुलाकात को बेहद खास माना जा रहा है।
नीतीश कुमार दिल्ली में इन नेताओं से करेंगे मुलाकात—
नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कुमारस्वामी, डी राजा, सीताराम येचुरी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के अन्य नेताओं से मिलेंगे। नीतीश कुमार के साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, मंत्री संजय झा और मंत्री अशोक चौधरी भी दिल्ली जा रहे हैं।



