
देश और बिहार को एनडीए ने बर्बाद कर दियाः प्रियंका गांधी
मधुबनी- 06 नवंबर। । कांग्रेस के महासचिव सह सांसद प्रियंका गांधी ने गुरुवार को बेनीपट्टी के अरेर के बच्चा झा जनता उच्च विद्यालय मैदान में महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। लोगों को संबोधित करते हुए श्रीमती गांधी ने कहा कि, देश और बिहार को एनडीए ने बर्बाद कर दिया। लोगों का पलायन चरम पर है, किसानों की हालत खस्ता है। लेकिन, किसानों के कर्ज के बजाय मोदी अंबानी और अडानी का कर्ज माफ करते हैं।

मोदी कहते है कि, कांग्रेस ने 70 साल में देश के लिए क्या किया, मैं कहने पर आऊंगी तो तीन घंटे लग जाएंगे। कांग्रेस ने देश में आईआईटी, आईटीआई, एम्स और न जाने कितने विश्वविद्यालय दिए। इस बिहार से न जाने कितने आईपीएस और आईएएस निकले, हर जगह बिहार के अफसर रहते थे, मगर आज की स्थिति देख लीजिए। हर राज्य में बिहार का मजदूर है। प्रियंका गांधी ने कहा कि, बिहार में शासन नीतीश कुमार के जगह दिल्ली से मोदी कर रहे है। उन्होंने लोगों से पूछा कि, क्या आप बिहार को बदलना चाहते हो की नहीं। प्रियंका गांधी ने उपस्थित लोगों को एक एक वोट महागठबंधन के प्रत्याशी को देने की अपील की।
इस दौरान कांग्रेस के एमएलसी मदन मोहन झा,सूशील पासी,डिप्टी मेयर अमानुल्ला खान,मनोज मिश्रा,विनोद सिंह,उम्मीदवार नलिनी रंजन झा, बिस्फी के राजद उम्मीदवार आसिफ अहमद,कृपा नाथ पाठक सहित महागठबंधन के कई नेता उपस्थित थे।


