
Skytrax Awards 2026: एयर इंडिया बनी भारत की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन, स्टाफ और सर्विस के लिए मिले 3 बड़े सम्मान
नई दिल्ली- 19 सितंबर। टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया ने स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरलाइन अवार्ड्स 2026 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लंदन में हुए अवॉर्ड समारोह में एयर इंडिया को तीन बड़े सम्मान मिले हैं। एयर इंडिया ने शनिवार को X पर जानकारी दी कि उसे ‘भारत की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन’और ‘भारत और दक्षिण एशिया में सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन स्टाफ’ का अवॉर्ड मिला है। इसके साथ ही बिजनेस और इकोनॉमी क्लास के लिए एयरलाइन को 4 स्टार सर्टिफिकेशन मिला है, जो पहले 3 स्टार था। ग्लोबल रैंकिंग में इस बार सिंगापुर एयरलाइंस को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन चुना गया है, जिसने कतर एयरवेज के दो साल के दबदबे को खत्म किया। कतर दूसरे और कैथे पैसिफिक तीसरे स्थान पर रही।
Vihaan.AI ट्रांसफॉर्मेशन का असर—
कंपनी के CEO कैंपबेल विल्सन ने कहा कि यह सम्मान 24 हजार से ज्यादा एयर इंडिया कर्मचारियों की प्रोफेशनलिज्म और गर्मजोशी का नतीजा है। यह अवॉर्ड http://Vihaan.AI ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के तहत फ्लीट मॉडर्नाइजेशन, केबिन अपग्रेड और सर्विस सुधार की दिशा में मिल रही प्रगति का प्रमाण है। एयर इंडिया ने कहा कि हम अपने लोगों, प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी और कस्टमर एक्सपीरियंस में निवेश जारी रखेंगे ताकि भारतीय दिल वाली वर्ल्ड-क्लास ग्लोबल एयरलाइन बना सकें। इस कैटेगरी में इंडिगो ने भारत और दक्षिण एशिया की सर्वश्रेष्ठ लो-कॉस्ट एयरलाइन का खिताब बरकरार रखा है।



