
BIHAR:- मधुबनी में अंतरजिला सिंडिकेट का पर्दाफाश, समस्तीपुर जिले की 3 महिला गिरफ्तार
मधुबनी- 19 सितंबर। जिले में जगह-जगह अस्थायी घर बसाकर राहगीरों से जेवरात,मोबाइल,पर्स और नकदी चोरी करने वाले अंतरजिला सिंडिकेट को नगर थाना पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। पुलिस के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के गंगासागर स्टेशन चौक पर एक महिला का मंगलसूत्र चोरी करने के मामले छानबीन के क्रममें उक्त अंतरजिले महिला गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के दो मंगलसूत्र, एक मोबाइल और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान समस्तीपुर जिले के लदौरा गांव निवासी जीगर चौधरी की पत्नी नेहा कुमारी,अंग्रेज चौधरी पत्नी विमला देवी और बिरजा चौधरी की पत्नी शकुंतला देवी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गंगासागर निवासी कांति देवी को स्टेशन चौक पर महिलाओं ने अपनी बातों में उलझाया और चुपके से उनके गले से मंगलसूत्र गायब कर दिया। कांति देवी को जैसे ही चोरी का अहसास हुआ, उन्होंने शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने मौके से एक महिला को पकड़कर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। कड़ाई से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह की दो अन्य महिला सदस्यों को भी धर दबोचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रश्मि कुमारी खुद नगर थाना पहुंचीं और गिरफ्तार महिलाओं से गहन पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि यह गिरोह बड़े पैमाने पर काम करता है और अलग-अलग इलाकों के भीड़भाड़ वाले स्थानों में भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए एएसपी रश्मि कुमारी ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
एएसपी ने कहा है कि इंद्र पूजा और दुर्गा पूजा की खरीदारी के दौरान बाजारों एवं आभूषण दुकानों में सतर्क रहें, क्योंकि ऐसे गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की स्थिति में तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया है।



