
मधुबनी में देवराज इंद्र पूजा की तैयारी शुरू, 23 सितंबर से 10 दिवसीय पूजा और मेला बनेगा आकर्षण का केंद्र
मधुबनी -18 अगस्त। शहर के गंगासागर काली मंदिर परिसर में देवराज इंद्र पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस साल 23 सितंबर से 02 अक्टूबर तक 10 दिवसीय इंद्र पूजनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पूजा स्थल पर देवराज इंद्र, इंद्राणी, भगवान शंकर, देवी पार्वती, भगवान गणेश* सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कारीगर मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पूजा के साथ-साथ लगने वाले मेले की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।
समिति के अनुसार इस बार मेले में राम झूला, मौन का कुआं और अन्य खेल-तमाशे, मनोरंजन के साधन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। मुंबई और दूर-दराज से मीना बाजार की दुकानें भी लगेंगी।महाराज कामेश्वर सिंह इंद्र पूजा समिति द्वारा आयोजित इस दस दिवसीय पूजा में जिले भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और स्वच्छता की सुविधा का खास ख्याल रखा जाएगा। पूजा के सफल संचालन के लिए समिति के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य काम में जुट गए हैं। बता दें कि मधुबनी सहित पूरे मिथिलांचल में देवराज इंद्र की पूजा-अर्चना की परंपरा सदियों से चली आ रही है। गंगासागर काली मंदिर परिसर की इंद्र पूजा पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है।



