
MADHUBANI;- मकसूदा सहित 7 पंचायत में पैक्स क्रय केंद्र पर धान खरीदारी बंद, किसान औने-पौने दर पर धान बेचने को विवश: देव नारायण यादव
मधुबनी- 26 मार्च: रहिका प्रखंड के मकसूदा सहित सात पंचायत में पैक्स क्रय केंद्र द्वारा धान की खरीदारी 25 मार्च से नहीं की जा रही है। धान की खरीदारी के लिए विभागीय स्तर पर ऑनलाइन एप 25 मार्च से बंद कर दिया गया है। जबकि विभागीय स्तर पर धान खरीदारी की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित है।
इसकी जानकारी देते हुए राजद किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष देव नारायण यादव ने कहा कि पैक्स क्रय केंद्र द्वारा किसानों से धान नहीं लेने से किसान अपने धान खुले बाजार में औने-पौने दर पर बेचने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि रहिका प्रखंड के 7 पंचायतों में पिछले दिनों पैक्स अध्यक्ष का चुनाव के चलते धान की खरीदारी पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन चुनाव परिणाम आने और चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद भी धान की खरीदारी के लिए 25 मार्च को ऑनलाइन एप बंद कर दिया गया है। जिससे पैक्स क्रय केंद्र पर बिक्री के लिए किसानों द्वारा रखी गई धान की खरीदारी नहीं हो पा रही है। उन्होंने जिला सहकारिता पदाधिकारी से धान अधिप्राप्ति पर लगी रोक हटाते हुए शीघ्र ही धान की खरीदारी शुरू करने की मांग की है।



