
राजस्थान उपचुनाव:- कांग्रेस ने धरियावद में भाजपा के गढ़ में की सेंधमारी, BJP तीसरे पायदान पर
प्रतापगढ़- 02 नवम्बर। राजस्थान के दो विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के बाद मंगलवार को हुई मतगणना के बाद धरियावद में कांग्रेस उम्मीदवार नगराज मीणा को विजयी घोषित किया गया है। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले इस विधानसभा क्षेत्र में इस बार भाजपा तीसरे नंबर पर खिसक गई है। कांग्रेस के नगराज मीणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय थावरचंद को 18725 वोट से हराया। थावरचंद बीटीपी के बागी बताए जाते हैं, उन्हें 51094 मत मिले। यहां 46487 मतों के साथ भाजपा के खेत सिंह मीणा तीसरे पायदान पर रहे। यहां बीटीपी प्रत्याशी गणेश लाल मीणा को 2290, माकपा के पूरण मल को 1337, बहुजन मुक्ति पार्टी के राम सिंह को 845, निर्दलीय कैलाश को 3174 वोट मिले। कुल 3230 मतदाताओं ने नोटा को चुना।
यहां भाजपा के तीसरे पायदान पर रहने को लेकर चर्चा गर्म है। एक ओर कांग्रेस खेमे में ढोल बज रहे हैं तो दूसरी ओर भाजपा खेमा दूसरे नंबर पर भी नहीं आने का मलाल कर रहा है। इसमें सबसे बड़ी बात यह निकल कर आ रही है कि टिकट देने में ही भाजपा ने गलती की। यदि दिवंगम विधायक गौतम मीणा के पुत्र कन्हैया को टिकट दे दिया होता तो परिणाम कुछ और होते। कन्हैया के घर बैठने जाने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी राजनीतिक छींटाकशी लोगों के बीच चर्चा में है। शायद मतदाताओं को यह छींटाकशी नहीं सुहाई हो। भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा के बिन्दुओं में यह भी शामिल है कि जब राजसमंद में विधायक की संतान को टिकट दिया जा सकता है तो धरियावद में भाजपा ने क्यों नियमों की बात की। इधर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर से ही नगराज मीणा को बधाइयां देनी शुरू कर दी थी। परिणाम घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। बधाइयों और जश्न का दौर अब भी जारी है।



