लखनऊ- 24 अप्रैल। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव व कार्यपालक अधिकारी एसपी तिवारी ने सोमवार को बताया कि हज यात्रा की प्रथम किश्त न जमा करने वाले यात्रियों को अपनी धनराशि जमा करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। यदि वे दो दिन में पैसा नहीं जमा करते हैं तो उनकी सीटें निरस्त मानी जायेगी।
एसपी तिवारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति से कुल चयनित 26,786 यात्रियों में से लगभग 1365 ऐसे हैं जिन्होंने अपनी प्रथम किश्त 81,800 रुपया व मूल अन्तरराष्ट्रीय पासपोर्ट राज्य हज समिति में निर्धारित समय में जमा नहीं किये हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे चयनित हज यात्रियों की सीटें निरस्त करने हेतु हज कमेटी ऑफ इण्डिया द्वारा प्रस्तावित कर दिया गया है।
श्री तिवारी ने बताया कि ऐसे हज यात्री यदि किन्हीं कारणों से अब तक प्रथम किश्त 81,800 रुपये हज कमेटी ऑफ इण्डिया के बैंक खाते में जमा नहीं कर सके हैं व हज-2023 पर जाने के इच्छुक हैं, तो दो दिवस के भीतर धनराशि जमा कर मूल अन्तरराष्ट्रीय पासपोर्ट कार्यालय उप्र राज्य हज समिति में जमा करा दें, अन्यथा उनकी सीटें निरस्त मानी जायेंगी।
