
MADHUBANI:- आर.एन कालेज पंडौल में “अपमानजनक संबंधों की पहचान और घरेलू हिंसा की रोकथाम ” विषय पर सेमिनार आयोजित
मधुबनी- 28 मार्च। “अपमानजनक संबंधों की पहचान और घरेलू हिंसा की रोकथाम ” विषय पर आरएन कॉलेज पंडौल के सभागार में राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में राष्ट्रीय सेवा महिला आयोग द्वारा प्रायोजित किया गया। विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए शिक्षक एवं शोधार्थियों ने उक्त विषय पर विस्तार से चर्चा किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और स्वागत भाषण प्राचार्य डॉ आरती प्रसाद ने किया।
महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत व मंगलाचरण प्रस्तुत किया। सभी आगत अतिथियों को महाविद्यालय की ओर से फूल माला पहना व बुके से स्वागत किया गया। डॉ आरएमए संस्कृत महाविद्यालय मुजफ्फरपुर के साहित्य विभागाध्यक्ष डॉ मीना मिश्रा, आरबीबीएम कॉलेज मुजफ्फरपुर की प्राचार्य डॉ ममता रानी,बहेरा कॉलेज दरभंगा के प्राचार्य डॉ शशिकांत पाठक,एमडीडीएम कॉलेज मुजफ्फरपुर की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ शकीला आज़ीम, ए एम रिजवान व रानी मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं पर होने वाली हिंसा की पहचान और फिर उस पर रोकथाम के लिए कर्म करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे भी ज्यादा बेहद जरूरी महिलाओं को शिक्षित करना है। जिससे वह समाज में प्रतिकार करना सीख सकें। महिलाओं की आर्थिक निर्भरता आवश्यक है। अगर महिलाओं को अवसर मिले तो वह पुरुषों से बहुत आगे निकल जाएंगी। प्राचार्य डॉ आरती प्रसाद ने कहा कि यह संगोष्ठी समाज में स्त्रियों के प्रति होने वाले हिंसा के प्रति उन्हें जागरूक बनाएगा। पहले अपमानजनक संबंध और घरेलू हिंसा को समस्या नहीं माना गया था। जबकि इस प्रकार की हिंसा से रोकथाम इसलिए अधिक आवश्यक है क्योंकि महिलाओं को जहां सबसे अधिक सुरक्षित होना चाहिए वहीं सबसे अधिक प्रभावित होती हैं।
उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें अपने आसपास की महिलाओं को जागरूक करना आवश्यक है। उनका आदर सम्मान करना आवश्यक है। तथा यही इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य भी है। सभी शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को महान महिलाओं का जीवन चरित्र जरूर पढ़ना चाहिए। आज ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां स्त्रियों ने कुछ हासिल नहीं किया। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से अपनी संतान तथा पति को मिलाकर ही पुरुष को पूर्ण माना गया है। आरएन कॉलेज पंडौल के सभागार में आयोजित इस सेमिनार का मंच संचालन डॉ ज्योत्स्ना कुमारी ने किया।
कार्यक्रम के अवसर पर अमरेंद्र कुमार,रौशन कुमार,ए एम रिजवी,जगदीश मंडल, कुलदीप कुमार झा,अमरनाथ झा,पूर्व मुखिया नौशाद आलम,आदिल करीम,सौरभ झा,कुंदन कुमार व राजन झा समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।



