
MADHUBANI:- 57 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी- 15 फरवरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में घोघरडीहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 57 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में फुलपरास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि घोघरडीहा थाना क्षेत्र के बसुआरी गांव में गांजा की बड़ी खेप की डील होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष शुभम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई मुनिपाल,एसआई सुनील कुमार राम,पीएसआई रंजीत कुमार,पीएसआई नवीन कुमार विद्यार्थी एवं सिपाही ब्रजेश कुमार को शामिल किया गया।
शनिवार देर रात टीम ने बसुआरी गांव स्थित राम उदगार यादव के घर पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से घबराकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को मौके से दबोच लिया। घर की सघन तलाशी के दौरान 57 किलो गांजा,एक लाख 70 हजार रुपये नकद,एक होंडा होर्नेट बाइक,दो मोबाइल फोन तथा सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए। दंडाधिकारी की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। रविवार को प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस सफलता के लिए छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत करने हेतु पुलिस अधीक्षक मधुबनी को अनुशंसा भेजी जाएगी। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।



