
MADHUBANI:- नीट-यूजी परीक्षा में लापरवाही के खिलाफ सकरी में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, बोले जिलाध्यक्ष नलिनी, कहा- देश का छात्र व युवा बड़े संकट का कर रहा सामना
मधुबनी- 02 जुलाई। पंडौल प्रखंड क्षेत्र के सकरी बाजार चौक पर प्रखंड अध्यक्ष मसूद अहमद के अध्यक्षता में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी परीक्षा 2026 के पेपर लीक, पुनः परीक्षा और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं एवं प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में गुरूवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति अपना विरोध एवं आक्रोश व्यक्त किया गया। विरोध मार्च को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमिटी मधुबनी (पूर्व) के अध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यदि कोई सबसे बड़े संकट का सामना कर रहा है, तो वह देश के युवाओं का भविष्य है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति केवल युवाओं के साथ अन्याय नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास और प्रगति के लिए भी एक गंभीर चुनौती है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह मधुबनी नगर निगम के डिप्टी मेयर मो. अमानुल्लाह खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों की रक्षा,निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध मंडल, पार्टी के उपाध्यक्ष टेकनाथ पाठक,मो. ग़यासुद्दीन,डॉ.हाशिम ख़ान,मो. ओज़ैर, रामप्रताप महतो,रोशन कुमार,वेदनाथ यादव, मो. असलम,प्रभु दास,अग्नू दास,वाशिफ़ अली,रामचन्द्र पासी, मुन्ना पासी,पप्पू एवं बाले राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।



