
BIHAR:- चेन्नई में मधुबनी के दो युवक की झुलसकर मौत
मधुबनी-07 जनवरी। चेन्नई में एक पीजी हॉस्टल के किचेन में काम कर रहे प्रखंड के ललमनियां ओपी क्षेत्र के धत्ता टोले के दो युवकों के गत बुधवार आग में झुलस कर मर जाने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के 34 वर्षीय सुले पासवान एवं 22 वर्षीय अनिल पासवान चेन्नई में एक पीजी हॉस्टल के किचेन में खाना बनाने का काम करते थे। बुधवार सुबह दोनों खाना बनाने किचेन में गए और चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया। ऐसा करते ही पूरे कमरे में आग लग गई एवं दोनों बाहर नहीं निकल सके। किचेन में रखे एक सिलेंडर से गैस रिसाव से पूरा किचेन गैस से भर गई थी। लाइटर जलाते ही किचेन आग के गोले में बदल गया। मृतकों के घर का पता लगाने में समय लग गया। तथा गुरुवार शाम किसी ने घत्ता टोले में मृतकों के घर पर फोन कर के हादसे की जानकारी दी। खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। मृतक सुले पासवान की पत्नी सुनीता देवी,मां फूलो देवी एवं अनिल पासवान की मां रंजू देवी बदहवास हो गईं। चीख-पुकार से समूचे टोले का माहौल गमगीन हो गया। समाजसेवी राजेंद्र पासवान,मुखिया संजीव कुमार साह तथा सरपंच रोबिन साह ने पीड़ितो के परिजनों को सान्त्वना दिलाई। परिजनों में से दो को चेन्नई के लिए रवाना किया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें पोस्टमार्टम के बाद मृतकों की शव दे दिया गया। चेन्नई से वापस आ रहे दोनों मृतक के परिजनों ने सगे संबधियों की मदद से पटना में ही दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।



