
MADHUBANI:- मालगोदाम चौक पर रंगदारी को लेकर दो जनरल स्टोर में तोड़फोड़, लूटपाट का आरोप
मधुबनी – 21 अगस्त। नगर थाना क्षेत्र के माल गोदाम चौक स्थित गुरुवार शाम रंगदारी को लेकर एक पक्ष के कुछ लोगों ने जमकर तांडव मचाया। पंकज चौधरी और नवीन चौधरी के जनरल स्टोर्स पर हमला कर दुकान में तोड़फोड़ की गई, सामान लूट लिया गया और दोनों पिटाई कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।जानकारी के अनुसार पुराना बस स्टैंड निवासी कुछ लोग दुकान पर पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। जब पंकज चौधरी और नवीन चौधरी ने मना कर दिया तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने पहले गाली-गलौज की, फिर दुकान में रखे सामान को तहस-नहस कर दिया। विरोध करने पर दोनों को लाठी-डंडे से पीटा गया। हमले में पंकज और नवीन चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि तोड़फोड़ और लूटपाट में करीब 5 लाख रुपये का सामान और नकदी का नुकसान हुआ है। घटना के बाद मालगोदाम चौक की अन्य दुकानदारों ने घटना का विरोध जताया है। दुकानदारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए शहर में बढ़ रही रंगदारी और गुंडागर्दी पर रोक लगाने की मांग की है।



