
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक कांग्रेस पार्टी एवं पंजाब सरकार की साजिश: चौबे
पटना- 07 जनवरी। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुरक्षा में चूक कांग्रेस पार्टी और पंजाब सरकार की साजिश लगती है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने आज इस पर सख्त टिप्पणी की और मामले को “रेयरेस्ट ऑफ द रेयर” करार दिया। इससे मामले की गंभीरता को समझा जा सकता है।
अश्विनी चौबे ने कहा कि छोटी मोटी बातों पर लगातार ट्वीट करने वाले राहुल गांधी प्रधानमंत्री के सुरक्षा में चूक से जुड़े इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दे पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया गया है। यही स्थिति सोनिया गांधी की भी है जिन्होंने अभी तक इस मामले पर कुछ नहीं बोला है। इन दोनों को अभी तक घटना की जानकारी नहीं है? अगर है तो इन लोगों ने पंजाब सरकार की नाकामियों पर अभी तक टिप्पणी क्यों नहीं की? पंजाब सरकार की इस गलती पर आप लोगों ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया? भारत की जनता आपसे जानना चाहती है कि पंजाब के कांग्रेसी सरकार के इस कुकृत्य के बारे में आपकी क्या राय है?
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि कांग्रेस अपने विरोधियों के लिए किसी भी हद तक कोई भी काम करने को तैयार रहती है। जब प्रधानमंत्री के साथ ऐसा करने का कोशिश हो सकता है बाकी किसी के बारे में क्या कहा जाए। सबसे बड़ी बात है कि विपक्ष में रहते हुए जब यह कृत्य किया जा सकता है तो सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पार्टी ने ना जाने कितने ऐसे कुकृत्य किए होंगे, जिसके शिकार विपक्षी पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ कांग्रेस पार्टी के भी अनेक नेता हुए होंगे लेकिन आज का समय पहले जैसा नहीं है। जनता जागरुक हो चुकी है और सब देख रही है। ऐसे साजिशों और कुकृत्यों का जनता समय आने पर जोरदार जवाब देगी।



