
MADHUBANI:- संदिग्ध हालत में युवक का शव बरामद, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
मधुबनी- 02 जुलाई। मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। मृतक की पहचान खजौली थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद लाल के रूप में हुई है। वह मोहम्मद सलीम का पुत्र था। जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब दो से ढाई बजे के बीच खजौली थाना पुलिस को सूचना मिली कि दोस्तपुर गांव के समीप पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मोहम्मद लाल पिछले दो-तीन दिनों से अपने ससुराल गया हुआ था। परिजनों का कहना है कि ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या कर शव को पुल के नीचे फेंक दिया। परिजनों ने इस घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया कि मृतक की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और तब से उसका ससुराल पक्ष के साथ संबंध बना हुआ था। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।



