
बिहार हित के मुद्दे पर राजद हमेशा नीतीश के साथ: जगदानंद
पटना- 06 जनवरी। नये साल में बिहार की राजनीति करवट लेने लगी है। इन दिनों राजद जिस तरह नीतीश कुमार के प्रति प्रेम दिखा रहा है, उससे सियासी संकेत मिल रहे हैं। राजद ने गुरुवार को एक बार फिर ऐलान कर दिया है कि राज्य हित के मसले पर वह जेडीयू के साथ खड़ी रहेगी। जदयू या नीतीश कुमार से राजद को उस वक्त कोई परहेज नहीं होगा जब मसला बिहार और बिहार के हित से जुड़ा होगा।
जनगणना मुद्दे पर राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि जनगणना पर नीतीश के साथ राजद खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार में शामिल सहयोगी दल जनगणना पर अलग राय रख रहे हैं। जो मंत्री नीतीश की नीति का समर्थन नहीं करते उन्हें हटा देना चाहिए। बिहार की हित की बात जहां भी होगी वहां राजद नीतीश के साथ खड़ी रहेगी।
जगदानंद सिंह ने कहा कि जातीय जनगणना राजद वैज्ञानिक आधार पर कराने की लगातार मांग करता रहा है, लेकिन केंद्र सरकार का इस पर ध्यान नहीं है। आज जातीय आधार पर जनगणना की जरूरत है। जातीय जनगणना से जातिवाद को बढ़ावा नहीं मिलेगा। साथ ही कहा कि पशुओं की गणना, गाड़ियों की गणना हो सकती है तो फिर जाति की क्यों नहीं हो सकती? जो सबसे निचले तबके के लोग है उन्हें मदद की जरूरत है।



