
BIHAR:- सफेदपोशों की काली कमाई सफेद करने वाले कई बिल्डर ED की रडार पर
पटना- 05 जनवरी। भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए राज्य के कई बिल्डरों की अवैध संपत्तियां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जब्त कर सकती है। ऐसे करीब दस बिल्डर फिलहाल ईडी की रडार पर हैं। इनमें वैसे बिल्डर भी शामिल हैं, जिनकी साठगांठ माफिया या कुछ बड़े भ्रष्ट लोकसेवकों के साथ है। फिलहाल इडी ऐसे सभी बिल्डरों से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन करने में जुटी है। जल्द ही इस कड़ी में शामिल कुछ बिल्डरों पर इडी मुकदमा दर्ज कर इनकी अवैध संपत्ति को जब्त कर सकती है। इनसे जुड़ी छानबीन अंतिम चरण में चल रही है। इन बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया कभी भी शुरू हो सकती है।
इनमें कुछ बिल्डरों की अवैध संपत्ति राज्य के बाहर भी मौजूद है, जिसकी जांच भी चल रही है। साथ ही कुछ के तार हवाला कारोबार से भी जुड़े पाये गये हैं। हवाला के माध्यम से इनके करीबी लोगों या इनके खातों में पैसे ट्रांसफर होने के भी प्रमाण मिले हैं। इस फेहरिस्त में वैसे बिल्डर भी शामिल हैं जिनके व्यवसाय, कंपनी या किसी प्रोजेक्ट में इस तरह के लोगों के निवेश है या ब्लैकमनी लगी हुई है।
हाल के दिनों में बालू के अवैध कारोबार को लेकर बड़ी संख्या में जिन भ्रष्ट लोकसेवकों के यहां छापेमारी हुई है उनके कुछ के पास भी कई बिल्डरों के प्रोजेक्ट में निवेश से जुड़े कागजात मिले हैं। इनमें करोड़ों रुपये इन अधिकारियों के लगे हुए हैं। इनकी गहन पड़ताल चल रही है और इस आधार पर समुचित जांच-पड़ताल के बाद जिन बिल्डरों के नाम सामने आये हैं उन पर भी कार्रवाई हो सकती है।
हाल ही में ईडी ने बिहार के ऐसे ही एक जाने-माने बिल्डर पर कार्रवाई की है। उनकी अवैध संपत्ति जब्त कर उन्हें जेल भेजा गया है। अभी इनकी कुछ और संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी चल रही है। इससे जुड़ी कार्रवाई भी होने जा रही है। इसमें कुछ बिल्डरों पर रेरा ने भी कार्रवाई की है और उनके प्रोजेक्ट पर रोक लगा दी है।



