
NIA ने सेवानिवृत जवान के घर को नौ घंटे खंगाला,कुछ भी हाथ नहीं लगा
पटना/सोनपुर- 29 दिसंबर। बिहार के सारण में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सेवानिवृत जवान अरुण सिंह के सोनपुर स्थित आवास पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और झारखंड एटीएस ने एक साथ बुधवार को छापेमारी की। नौ घंटे चली इस छापेमारी में रिटायर्ड बीएसएफ जवान अरुण सिंह के घर से कुछ भी नहीं मिला। उन पर नक्सलियों से सांठगांठ का आरोप है और उसकी गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है।
सुबह से ही आरोपित अरुण सिंह के बिहार स्थित घर पर छापेमारी की गई। अरुण सिंह पहले केंद्रीय बल के बीएसएफ में जवान रहा। इस दौरान उसकी पोस्टिंग झारखण्ड में रही। नौकरी से दो वर्ष पहले स्वैच्छिक अवकाश लिया था और बिहार स्थित अपने घर पर ही रह रहा था। इस बीच जांच एजेंसी को कुछ लोगों के बारे में सूचना मिली कि वो नक्सलियों को अवैध हथियार सप्लाई करते हैं। इसमें अरुण सिंह का नाम भी उनके पास आया था।
झारखंड पुलिस की एटीएस टीम ने जांच में ये जानकारी पुष्ट कर ली थी कि अरुण सिंह नक्सलियों को हथियार सप्लाई करता है, जिसके बाद उसे 18 नवंबर को शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया गया था। एटीएस की टीम ने घर पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए थे। इसमें ये खुलासा हुआ था कि वो नक्सलियों को हथियार सप्लाई करता था।
अरुण सिंह ने फौज से रिटायरमेंट लेकर अपने घर पर ही ठेकेदारी का काम शुरू किया था। गांव के लोगों को ये भनक भी नहीं थी कि अरुण सिंह के सीधे चेहरे के पीछे इतना बड़ा शैतान छिपा हुआ है। खेती व ठेकेदारी को अपना पेशा दिखाकर अरुण सिंह नक्सलियों के लिए हथियार सप्लायर की ही भूमिका निभा रहा था। जिसका पर्दाफाश हुआ था और उसकी गिरफ्तारी की गयी थी।



