
शराब पीना है,वे बिहार नही आएं: CM
आरा-27 दिसंबर। समाज सुधार यात्रा पर निकले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोहतास जिले के सासाराम में जीविका दीदियों के साथ मिलकर एक जनसभा को संबोधित किया।सासाराम के फजलगंज स्थित न्यू स्टेडियम में सोमवार को जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबियों पर जमकर हमला बोला और कहा कि जो शराब पीकर अपने आपको काबिल समझते हैं उन्हें वे काबिल नही मानते।
मुख्यमंत्री ने साफ कह दिया कि जिन्हें शराब पीना है वे बिहार नही आएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में जब उन्होंने बिहार की सत्ता संभाली तब शिक्षा,स्वाथ्य,सड़क सभी क्षेत्रों की हालत खराब थी किन्तु उन्होंने तेजी से विकास को आगे बढ़ाते हुए सभी क्षेत्रों में बेहतर काम कर बिहार को विकास की पटरी पर लाया।उनका मानना है कि सिर्फ विकास से ही बिहार की तस्वीर नही बदली जा सकती बल्कि समाज मे व्याप्त कुरीतियों को खत्म भी करना होगा।शराब,बाल विवाह,दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को जड़ से खत्म करना होगा।सासाराम पहुंचे नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों से शराब,बाल विवाह और दहेज प्रथा को रोकने की दिशा में किये गए कार्यो से जुड़े अनुभव भी सुने और जीविका दीदियों को समाज सुधार में अहम रोल अदा करने की अपील भी की।
सासाराम की समाज सुधार यात्रा से जुड़ी जनसभा से रोहतास के साथ साथ भोजपुर,बक्सर और कैमूर के जिले भी जुड़े थे।इन जिलों से सम्बंधित जीविका दीदियों ने भी सीएम से अपने अनुभव साझा किए।सासाराम की जनसभा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे।जनसभा स्थल पर यातायात, पार्किंग,पेयजल, चलन्त शौचालय जैसी सुविधाएं भी बहाल की गई थी।



