
विकास आयुक्त आमिर सुबहानी को मिलेगा मुख्य सचिव का दायित्व
पटना- 26 दिसंबर। इस साल के आखिरी यानी 31 दिसंबर को राज्य के मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायर होते ही राज्य सरकार विकास आयुक्त आमिर सुबहानी को मुख्य सचिव बनाने जा रही है। इसको लेकर 31 दिसंबर तक अधिसूचना भी जारी हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार जो पहला और फाइनल नाम सामने आया है वह आमिर सुबहानी का है। अपने समय के टॉपर रहे 1987 बैच के आईएएस अधिकारी आमिर सुबहानी को तीन पदों के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया है और अब वे विकास आयुक्त के पद पर हैं।
सीएम नीतीश कुमार के भरोसेमंद और तेजतर्रार आईएएस अधिकारी इससे पहले लम्बे समय तक राज्य के गृह सचिव के पद पर रहे हैं और सरकार की दर्जनों महत्वाकांक्षी योजनाओं को सही रूप से कार्यान्वित किये हैं। इस कारण वे सीएम नीतीश के हमेशा भरोसेमंद रहे हैं। हालांकि, चर्चा इस बात की भी थी कि केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण को भी मुख्य सचिव बनाया जा सकता है। क्योंकि, राजेश भूषण भी 1987 बैच के ही अधिकारी हैं लेकिन रही बात राज्य सरकार के करीबी की तो आमिर सुबहानी ना सिर्फ करीबी हैं, बल्कि उस बैच के टॉपर भी हैं।
अंदरखाने से खबर है कि सरकार ने अंतिम निर्णय कर लिया है कि आमिर सुबहानी को नए साल की शुरुआत में ही राज्य के मुख्य सचिव की जिम्मेवारी दी जाएगी। 1985 बैच के वर्तमान मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण की बात करें तो इन्हें इसी साल एक मई को मुख्य सचिव बनाया गया था और इनकी सेवा 30 जून को ही समाप्त हो रही थी लेकिन राज्य सरकार ने उन्हें दो बार तीन-तीन महीने का एक्सटेंशन दिया, जिससे अभी तक वो अपने पद पर हैं। सचिवालय के गलियारे में भी अधिकारियों के बीच इस बात की जोर-शोर से चर्चा है कि आमिर सुबहानी के अलावा दूसरे कोई अधिकारी रेस में नहीं हैं।



