
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 7 हजार से ज्यादा नए मामले
नई दिल्ली- 25 दिसम्बर। देश में कोरोना के नए मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में देशभर में कुल 07 हजार, 189 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 7 हजार 286 रही। इस दौरान देश में कोरोना से 387 लोगों की मौत हुई है।
देश में अभी भी केरल में कोरोना के सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में यहां कुल 342 मौत हुईं, जिसमें 31 मौत 24 दिसम्बर को रिपोर्ट की गईं और 311 मौत को जांच के बाद सूची में जोड़ा गया है।
शनिवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस समय देश में 77 हजार,032 एक्टिव मामले हैं। कोरोना से अबतक तीन करोड़, 42 लाख, 23 हजार, 263 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना का रिकवरी रेट 98.40 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 11 लाख 12 हजार से अधिक कोरोना टेस्ट किए गए हैं। आईसीएमआर के मुताबिक अबतक कुल 67 करोड़, 10 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं। देशभर में 141.01 करोड़ कोरोना रोधी वैक्सीन दी जा चुकी है।



