
DELHI:- पेशी के लिए लाए गए युवक ने अदालत की छठी मंजिल से कूदकर दी जान
नई दिल्ली- 23 दिसंबर। कड़कड़डूमा कोर्ट में गुरुवार शाम पेशी के लिए लाए गए एक युवक ने पुलिस कस्टडी में ही अदालत की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतक की शिनाख्त दीपक कुमार (23) के रूप में हुई। बुधवार को पुलिस ने दीपक को पॉक्सो, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट में गिरफ्तार किया था। दीपक पर आरोप था कि उसने अपनी एक जानकार लड़की की अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दी थी। अब वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था, इसके बाद लड़की की ओर से शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद से दीपक काफी तनाव में था। शायद इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
पुलिस के मुताबिक दीपक परिवार के साथ ई-ब्लॉक, जगजीत नगर, न्यू उस्मानपुर में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता, दो भाई व एक बहन हैं। ग्रेजुएशन करने के बाद दीपक अपना सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर रहा था। मंगलवार को इलाके के ही रहने वाली एक लड़की ने दीपक के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो और आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज करवाया था। लड़की का आरोप था कि दीपक व उसकी पहचान थी। कुछ समय पूर्व आरोपित ने लड़की का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। अब वह लड़की को ब्लैकमेल भी कर रहा था। लड़की ने परिवार को इसकी जानकारी दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बुधवार रात को दीपक को उसके घर से गिरफ्तार किया था। गुरुवार शाम को पुलिस उसे पेश करने के लिए कोर्ट की छठी मंजिल पर लाई थी। कोर्ट रूम के बाहर पुलिस अपनी बारी का इंतजार रही थी। दीपक भी अपने वकील से बात कर रहा था।
अचानक वह पुलिसकर्मी से हाथ छुड़ाकर बालकनी की ओर भागा और नीचे कूद गया। कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई। फौरन दीपक को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। दीपक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के बाद से दीपक को परिजनों से मिलने नहीं दिया गया था। इसकी वजह से वह तनाव में आ गया और उसने ऐसा कदम उठा लिया। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। वहीं न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस का कहना है कि जिस समय लड़की का अश्लील वीडियो बनाया गया था, उस समय वह नाबालिग थी। अब लड़की 18 साल की है।


