
मुकेश सहनी रह गए अकेले, तीनों विधायक ने थामा BJP का दामन
पटना- 23 मार्च। वीकाशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के तीन विधायकों ने पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी को जोरदार झटका देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। वीआइपी के सभी तीन विधायक ने देर शाम विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा से मुलाकात कर भाजपा में शामिल होने की जानकारी दी। वीआइपी के पास निर्वाचित प्रतिनिधियों के तौर पर केवल यही तीन विधायक और एक विधान पार्षद मुकेश सहनी खुद है। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि बतौर विधान पार्षद सहनी का कार्यकाल कुछ ही हफ्तों में पूरा होने वाला है। इसके बाद वीआइपी का कोई भी विधायक या विधान पार्षद बिहार में नहीं बच जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ.संजय जयसवाल ने इस बाबत देर शाम प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि वीआइपी पार्टी के तीनों विधायकों ने भाजपा में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। मुकेश सहनी की पार्टी के जिन तीन विधायकों ने भाजपा का दामन थामा है उनमें, राजू सिंह,मिश्री लाल एवं सवर्णा सिंह है। तीनों विधायकों की स्पीकर से मुलाकात के दौरान दोनों उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद-रेणु देवी और प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी मौजूद थे।विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने वीआइपी के तीनों विधायकों के भाजपा में विलय को मान्यता दे दी है। हालांकि, इस मसले पर मुकेश सहनी ने अपनी अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि मुझे विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अब तक जानकारी नहीं है।
वीआइपी के प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि उनकी पार्टी निषाद आरक्षण की लड़ाई लड़ रही है। यह लड़ाई अमीर और गरीब की है। हमारे तीन विधायकों ने किसके इशारे पर ऐसा किया? उन्होंने क्यों ऐसा किया? जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि हमारे तीन विधायकों को तोड़ा गया है। हम 40 विधायकों के साथ लौटेंगे।



