
बिहार के बल्लेबाज साकिबुल गनी को सचिन तेंदुलकर ने दी बधाई
पटना- 19 फरवरी। बिहार के बल्लेबाज साकिबुल गनी के खेल से प्रभावित भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने शनिवार को उनके पहले रणजी ट्रॉफी मैच में तिहरा शतक जमाने पर बधाई दी है। साथ ही मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने साकिबुल गनी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
सचिन तेंदुलकर ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से साकिबुल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साकिबुल गनी को उनके डेब्यू रणजी ट्रॉफी मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई। इसे जारी रखें। बिहार के चंपारण के रहने वाले गनी को तेंदुलकर के अलावा देश के कई लोगों ने बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि गनी ने कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में मिजोरम के खिलाफ चल रहे रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच में यह उपलब्धि हासिल की। इस बल्लेबाज ने महज 405 गेंदों में 56 चौकों और दो छक्कों की मदद से 341 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 84.20 की शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाये।



